रेलवे ट्रैक के पास युवक की संदिग्ध लाश मिलने से फैली सनसनी
राजधानी रायपुर के चूनाभट्टी इलाके में रेलवे ट्रैक के पास एक युवक की संदिग्ध हालत में लाश मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान खमतराई निवासी बिट्टू के रूप में हुई है। युवक के शरीर पर चोट के निशान मिलने के बाद हत्या की आशंका जताई जा रही है।
जानकारी के मुताबिक, स्थानीय लोगों ने रेलवे ट्रैक किनारे शव पड़े होने की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रारंभिक जांच में शरीर पर कई चोटों के निशान पाए गए हैं, जिसके चलते मामला संदिग्ध माना जा रहा है।
फिलहाल पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने में जुटी है कि युवक की मौत हादसा है या फिर उसके पीछे कोई आपराधिक साजिश है। मामले की जांच जारी है।






