ट्रांसफार्मर के नीचे केबल में लगी आग, 17 घंटे बाद बहाल हुई बिजली आपूर्ति
बिलासपुर के मंगला स्थित महामाया पार्क कॉलोनी में ट्रांसफार्मर के नीचे लगी केबल में आग लगने से इलाके की बिजली आपूर्ति करीब 17 घंटे तक बाधित रही। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में अंधेरा छा गया और भीषण गर्मी के बीच लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
जानकारी के अनुसार आग लगने के बाद बिजली विभाग की टीम मौके पर पहुंची और खराब केबल को बदलने का काम शुरू किया। मरम्मत कार्य लंबा चलने के कारण देर रात तक बिजली बहाल नहीं हो सकी। इसके चलते कॉलोनी के लोगों को रातभर बिना बिजली के गुजारना पड़ा।
स्थानीय लोगों ने बिजली विभाग की लापरवाही पर नाराजगी जताते हुए कहा कि ट्रांसफार्मर और केबल की समय पर जांच नहीं होने से इस तरह की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। वहीं विभाग के अधिकारियों ने बताया कि केबल बदलने और तकनीकी सुधार के बाद बिजली आपूर्ति फिर से शुरू कर दी गई है।






