मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना में विधायक दीपेश साहू लेंगे सात फेरे, सादगीपूर्ण विवाह का दिया संदेश
रायपुर/बेमेतरा। छत्तीसगढ़ के बेमेतरा से भाजपा विधायक दीपेश साहू मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत आयोजित सामूहिक विवाह समारोह में शादी करने जा रहे हैं। 31 मई को होने वाले इस कार्यक्रम में वे अन्य जोड़ों के साथ सात फेरे लेंगे। विधायक के इस फैसले को सादगी और सामाजिक संदेश से जोड़कर देखा जा रहा है।
विधायक दीपेश साहू ने कहा कि वर्तमान समय में शादियों में बढ़ते खर्च और दिखावे की प्रवृत्ति के बीच सामूहिक विवाह समाज को सकारात्मक संदेश देने का माध्यम बन सकता है। उन्होंने बताया कि सरकार की इस योजना का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को विवाह संबंधी खर्चों से राहत देना है और वे स्वयं इसमें शामिल होकर लोगों को सादगी अपनाने के लिए प्रेरित करना चाहते हैं।
जानकारी के अनुसार, मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत आयोजित इस समारोह में प्रदेश के कई वरिष्ठ जनप्रतिनिधियों और मंत्रियों के शामिल होने की संभावना है। कार्यक्रम को लेकर प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां तेज कर दी गई हैं।
दीपेश साहू का यह निर्णय क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है। समर्थकों का कहना है कि जनप्रतिनिधि का इस तरह आम लोगों के साथ सामूहिक विवाह में शामिल होना समाज के लिए एक सकारात्मक उदाहरण है और इससे फिजूलखर्ची पर रोक लगाने का संदेश भी जाएगा।






