बिलासपुर में फर्जी बिलों से लाखों की हेराफेरी का मामला, दो प्रधान पाठकों को नोटिस
बिलासपुर। जिले के कोटा विकासखंड में शाला अनुदान राशि में कथित गड़बड़ी और फर्जी बिलों के जरिए लाखों रुपये की हेराफेरी का मामला सामने आया है। जांच में अनियमितताओं के संकेत मिलने के बाद शिक्षा विभाग ने प्राथमिक शाला छंतौना और परसापानी के दो प्रधान पाठकों को कारण बताओ नोटिस जारी किया है।
विभाग की ओर से दोनों प्रधान पाठकों से तीन दिनों के भीतर जवाब मांगा गया है। आरोप है कि शाला अनुदान की राशि के उपयोग में वित्तीय नियमों का पालन नहीं किया गया और फर्जी बिलों के माध्यम से राशि के दुरुपयोग की आशंका है।
मामले की शिकायत मिलने के बाद विभागीय जांच कराई गई, जिसमें प्रारंभिक स्तर पर अनियमितताएं सामने आने की जानकारी मिली। इसके आधार पर संबंधित अधिकारियों ने नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण तलब किया है।
शिक्षा विभाग का कहना है कि प्राप्त जवाब और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जा सकती है।






