बीजापुर तेंदूपत्ता अग्निकांड: बड़ी कार्रवाई, डीएफओ हटाए गए
छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले के इटपाल स्थित तेंदूपत्ता गोदाम में लगी भीषण आग के मामले में शासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए डीएफओ को हटा दिया है। आग में करोड़ों रुपये मूल्य का तेंदूपत्ता जलकर खाक हो गया था, जिसके बाद वन विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे थे।
जानकारी के अनुसार, गोदाम में रखे करीब 18 हजार मानक बोरे तेंदूपत्ता आग की चपेट में आ गए। प्रारंभिक अनुमान के मुताबिक नुकसान 10 करोड़ रुपये से अधिक बताया जा रहा है। आग बुझाने के लिए दमकल, पुलिस और प्रशासन की टीमों को लंबे समय तक मशक्कत करनी पड़ी।
घटना के बाद शासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए बीजापुर डीएफओ को पद से हटा दिया है। वहीं, गोदाम प्रबंधन और अन्य जिम्मेदार अधिकारियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। आग लगने के कारणों का अभी तक स्पष्ट खुलासा नहीं हो पाया है।






