एडीएम ऑफिस का बाबू रिश्वत लेते गिरफ्तार, ACB ने 15 हजार रुपए के साथ दबोचा
बिलासपुर में एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एडीएम कार्यालय के एक बाबू को रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान विजय पांडे के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि उसने एक लाख रुपए के जुर्माने को कम कर 30 हजार रुपए करने के बदले 20 हजार रुपए रिश्वत की मांग की थी।
शिकायतकर्ता ने इसकी जानकारी ACB को दी थी। जांच के बाद टीम ने ट्रैप कार्रवाई की योजना बनाई। आरोपी बाबू पहले ही रिश्वत की पहली किश्त ले चुका था और बाकी रकम लेने के लिए रविवार को बुलाया था। इसी दौरान ACB की टीम ने उसे 15 हजार रुपए लेते हुए पकड़ लिया।
कार्रवाई के बाद आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 7 के तहत मामला दर्ज किया गया है। ACB अब पूरे मामले की जांच कर रही है।






