ड्यूटी के दौरान CAF जवान ने सर्विस राइफल से खुद को मारी गोली, कोंडागांव कैंप में मचा हड़कंप
कोंडागांव। छत्तीसगढ़ आर्म्ड फोर्स (CAF) के एक जवान ने ड्यूटी के दौरान अपनी सर्विस राइफल से खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद कैंप में हड़कंप मच गया और पुलिस व वरिष्ठ अधिकारियों को तत्काल सूचना दी गई।
जानकारी के अनुसार, घटना कोंडागांव जिले के बयानार स्थित CAF कैंप की है। जवान ने अपने बैरक में सर्विस राइफल से खुद पर फायर कर लिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। गोली चलने की आवाज सुनकर साथी जवान मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक उसकी जान जा चुकी थी।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम कैंप पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस जवान के निजी जीवन, मोबाइल फोन और अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।
इस घटना के बाद कैंप में शोक का माहौल है। अधिकारियों ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आत्महत्या के पीछे की वजह जानने का प्रयास किया जा रहा है।





