अश्लील वीडियो के नाम पर शिक्षिका से 4.5 लाख की साइबर ठगी, टीकमगढ़ से तीन आरोपी गिरफ्तार
अंबिकापुर। सरगुजा पुलिस ने साइबर ठगी के एक बड़े मामले का खुलासा करते हुए मध्यप्रदेश के टीकमगढ़ से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने एक शिक्षिका को अश्लील वीडियो देखने और बदनामी का डर दिखाकर करीब 4 लाख 5 हजार रुपये की ठगी की थी।
पुलिस के अनुसार आरोपियों ने खुद को जांच एजेंसी और क्राइम ब्रांच से जुड़ा अधिकारी बताकर शिक्षिका से संपर्क किया। उन्होंने शिक्षिका को अश्लील सामग्री से जुड़े मामले में फंसाने और कार्रवाई की धमकी देकर मानसिक दबाव बनाया। डर के कारण शिक्षिका ने आरोपियों द्वारा बताए गए खातों में कई किश्तों में रकम ट्रांसफर कर दी।
मामले की शिकायत मिलने के बाद सरगुजा साइबर सेल और पुलिस टीम ने तकनीकी जांच शुरू की। जांच में मिले सुरागों के आधार पर पुलिस टीम मध्यप्रदेश के टीकमगढ़ पहुंची और तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है तथा ठगी में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान कॉल, वीडियो कॉल या सोशल मीडिया संदेश से डरकर पैसे ट्रांसफर न करें। ऐसी स्थिति में तुरंत पुलिस या साइबर हेल्पलाइन से संपर्क करें।






