जांजगीर में फूड पॉइजनिंग से किशोर की मौत, तीन बच्चे अस्पताल में भर्ती
छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में संदिग्ध फूड पॉइजनिंग का मामला सामने आया है। घटना में 15 वर्षीय किशोर की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य बच्चों की हालत बिगड़ने पर उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है और प्रशासन ने जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, सभी बच्चे अपने रिश्तेदार के घर गए हुए थे। वहां उन्होंने तरबूज और चिकन खाया था। इसके कुछ समय बाद बच्चों की तबीयत अचानक बिगड़ गई और उल्टी-दस्त की शिकायत होने लगी। परिजन तुरंत उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां इलाज के दौरान एक किशोर की मौत हो गई।
डॉक्टरों की निगरानी में बाकी तीन बच्चों का उपचार जारी है। प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की टीम ने मामले की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती आशंका फूड पॉइजनिंग की जताई जा रही है। खाद्य पदार्थों के सैंपल भी जांच के लिए भेजे गए हैं।






