मां के सम्मान के लिए खड़ा हुआ बेटा, पिटाई के बाद युवक ने की आत्महत्या
छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर से एक दर्दनाक मामला सामने आया है। शहर से लगे सरगवां पतरापारा गांव में 25 वर्षीय युवक ने कथित मारपीट और मानसिक प्रताड़ना से परेशान होकर आत्महत्या कर ली। बताया जा रहा है कि शादी समारोह के दौरान कुछ लोग उसकी मां पर जबरन डांस करने का दबाव बना रहे थे। युवक ने इसका विरोध किया तो आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की।
घटना के बाद युवक मानसिक रूप से काफी परेशान था। परिजनों के मुताबिक, अपमान और मारपीट से आहत होकर उसने फांसी लगाकर जान दे दी। मामले में पुलिस ने गांव के ही तीन लोगों के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का केस दर्ज किया है।
पुलिस ने बताया कि आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और मामले की जांच जारी है। घटना के बाद गांव में शोक और आक्रोश का माहौल बना हुआ है।






