पैसों के विवाद में बेटे ने सौतेली मां पर किया जानलेवा हमला, हत्या के प्रयास का मामला दर्ज
रायपुर। राजधानी रायपुर के खमतराई थाना क्षेत्र स्थित सन्यासी पारा में पैसों के विवाद को लेकर एक युवक ने अपनी सौतेली मां पर चाकू से हमला कर दिया। आरोपी ने गुस्से में आकर महिला पर ताबड़तोड़ तीन वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद आसपास के लोगों ने महिला को अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका उपचार जारी है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी युवक की उम्र 21 वर्ष बताई जा रही है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि परिवार में पैसों को लेकर विवाद चल रहा था। इसी विवाद के दौरान युवक ने आपा खो दिया और अपनी सौतेली मां पर चाकू से हमला कर दिया।
घटना की सूचना मिलने पर खमतराई पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास (Attempt to Murder) सहित संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी की गिरफ्तारी और पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है।





