सुशासन तिहार में सांसद भोजराज नाग का फूटा गुस्सा, अधिकारियों को मंच से लगाई फटकार
छत्तीसगढ़ के बालोद जिले के गुंडरदेही क्षेत्र में आयोजित सुशासन तिहार कार्यक्रम के दौरान सांसद Bhojraj Nag का गुस्सा अधिकारियों पर खुलकर सामने आया। ग्राम मटिया में आयोजित कार्यक्रम में ग्रामीणों ने जल जीवन मिशन सहित कई योजनाओं में गड़बड़ी और भ्रष्टाचार की शिकायतें कीं, जिसके बाद सांसद ने मंच से ही अधिकारियों को जमकर फटकार लगाई।
कार्यक्रम में ग्रामीणों ने पेयजल समस्या, अधूरे कार्य, भ्रष्टाचार और लापरवाही को लेकर नाराजगी जताई। शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए सांसद भोजराज नाग ने पीएचई, राजस्व, स्वास्थ्य, शिक्षा विभाग और पुलिस प्रशासन के अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि जनता की समस्याओं का तत्काल समाधान किया जाए। उन्होंने अधिकारियों से साफ शब्दों में कहा कि “होशियारी मत मारो, काम करो।”
सांसद ने विशेष रूप से जल जीवन मिशन में कथित गड़बड़ियों पर नाराजगी जताई और कहा कि योजनाओं का लाभ सही तरीके से लोगों तक पहुंचना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिकायतों की जांच कर दोषियों पर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।





