रायपुर में IPL टिकटों की कालाबाजारी से फैन्स परेशान, 8 हजार का टिकट 49 हजार तक पहुंचा
रायपुर में होने वाले IPL 2026 मुकाबलों के टिकटों की कालाबाजारी ने क्रिकेट प्रशंसकों को हैरान कर दिया है। महंगे टिकटों को लेकर पहले से नाराज फैन्स अब ब्लैक मार्केटिंग के कारण और ज्यादा परेशान हैं। जानकारी के मुताबिक, 8 हजार रुपये तक के टिकट सोशल मीडिया और व्हाट्सऐप ग्रुप्स में 49 हजार रुपये तक में बेचे जा रहे हैं।
नवा रायपुर स्थित शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में 10 मई को होने वाले RCB और MI मुकाबले को लेकर भारी उत्साह है। इसी का फायदा उठाकर कुछ लोग टिकटों की अवैध बिक्री कर रहे हैं। कई व्हाट्सऐप नंबर और सोशल मीडिया अकाउंट्स के जरिए प्रीमियम टिकट ऊंचे दामों पर ऑफर किए जा रहे हैं।
फ्रेंचाइजी और आयोजकों ने साफ किया है कि टिकट सिर्फ आधिकारिक प्लेटफॉर्म से ही खरीदे जाएं। इस बार डिजिटल एम-टिकट और QR कोड आधारित एंट्री सिस्टम लागू किया गया है ताकि फर्जी टिकट और कालाबाजारी पर रोक लगाई जा सके। QR कोड मैच शुरू होने से कुछ घंटे पहले ही एक्टिव होगा।
आयोजकों ने फैंस से अपील की है कि वे किसी अनधिकृत विक्रेता या सोशल मीडिया ऑफर के झांसे में न आएं। पुलिस और साइबर टीम भी ऑनलाइन टिकट बिक्री पर नजर बनाए हुए हैं।






