जंगल में महुआ बीनने गए बुजुर्ग दंपती पर हाथी का हमला, दोनों की दर्दनाक मौत
बलरामपुर। छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में मानव-हाथी संघर्ष की एक और दुखद घटना सामने आई है। राजपुर वन परिक्षेत्र के जंगल में महुआ बीनने गए एक बुजुर्ग दंपती पर जंगली हाथी ने हमला कर दिया। हाथी ने दोनों को दौड़ाकर कुचल दिया, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। सूचना मिलते ही वन विभाग और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची तथा शवों को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू की। वन विभाग ने ग्रामीणों को जंगल की ओर न जाने की सलाह दी है और हाथी की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, हाल के दिनों में क्षेत्र में जंगली हाथियों की आवाजाही बढ़ी है, जिससे ग्रामीणों में भय का माहौल बना हुआ है। वन विभाग लगातार मुनादी कर लोगों को सतर्क रहने की अपील कर रहा है।
इस घटना के बाद मृतक दंपती के परिजनों में शोक की लहर है। प्रशासन और वन विभाग द्वारा नियमानुसार सहायता राशि देने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।





