बीजापुर में सुरक्षाबलों की बड़ी कार्रवाई, 65 लाख कैश समेत हथियारों का जखीरा बरामद
छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में सुरक्षाबलों को नक्सल विरोधी अभियान में बड़ी सफलता मिली है। पिछले 15 दिनों से चल रहे सर्च ऑपरेशन के दौरान जवानों ने जंगलों में छिपाकर रखे गए 65.52 लाख रुपये नकद, 32 हथियार, भारी मात्रा में गोला-बारूद और विस्फोटक सामग्री बरामद की है।
जानकारी के मुताबिक जिला पुलिस, डीआरजी, एसटीएफ, सीआरपीएफ और कोबरा बटालियन की संयुक्त टीम ने बीजापुर के संवेदनशील इलाकों में अभियान चलाया। ग्रामीणों और खुफिया नेटवर्क से मिली सूचना के आधार पर सुरक्षाबलों ने नक्सलियों के तीन बड़े ठिकानों का पता लगाया।
बरामद हथियारों में एलएमजी, एसएलआर, कार्बाइन राइफल, .303 राइफल, 12 बोर बंदूकें और बैरल ग्रेनेड लॉन्चर शामिल हैं। इसके अलावा बड़ी संख्या में जिंदा कारतूस और विस्फोटक सामग्री भी जब्त की गई है।
बीजापुर एसपी जितेंद्र कुमार यादव के अनुसार, हाल के महीनों में नक्सलियों के खिलाफ अभियान तेज किया गया है। इस कार्रवाई के साथ पिछले डेढ़ साल में जिले से कुल 461 हथियार बरामद किए जा चुके हैं।






