कोंडागांव वॉटरशेड परियोजना में गड़बड़ी के आरोप, अधूरे काम पर भुगतान का मामला गरमाया
छत्तीसगढ़ के कोंडागांव जिले में कृषि विभाग की वॉटरशेड परियोजना एक बार फिर विवादों में आ गई है। बल्लारी नाला माइक्रो वॉटरशेड अंतर्गत छोटे बजोड़ा के फरस गांव में चल रहे निर्माण कार्यों को लेकर ग्रामीणों ने गंभीर अनियमितताओं के आरोप लगाए हैं। आरोप है कि कई कार्य अभी अधूरे हैं, लेकिन संबंधित एजेंसी को भुगतान कर दिया गया।
ग्रामीणों का कहना है कि परियोजना के तहत बनाए जा रहे संरचनाओं का काम गुणवत्ता के अनुरूप नहीं हुआ है। कई जगह निर्माण अधूरा पड़ा है, जबकि दस्तावेजों में कार्य पूर्ण दर्शाकर राशि जारी कर दी गई। मामले को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी बढ़ गई है।
बताया जा रहा है कि वॉटरशेड परियोजना का उद्देश्य जल संरक्षण और किसानों को सिंचाई सुविधा उपलब्ध कराना है, लेकिन कथित लापरवाही और भ्रष्टाचार के आरोपों ने योजना की पारदर्शिता पर सवाल खड़े कर दिए हैं। ग्रामीणों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है।






