रायपुर में फर्जी वसीयत से पैतृक संपत्ति हड़पने का मामला, तीन लोगों पर FIR दर्ज
राजधानी रायपुर में फर्जी वसीयतनामा तैयार कर पैतृक संपत्ति के अवैध हस्तांतरण का मामला सामने आया है। सिविल लाइन थाना पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर तीन आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी, कूटरचना और आपराधिक षड्यंत्र समेत विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है।
शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि आरोपियों ने मिलकर फर्जी दस्तावेज तैयार किए और उनके आधार पर करोड़ों रुपए की पैतृक जमीन अपने नाम कराने की कोशिश की। मामले की शिकायत पहले पुलिस से की गई थी, लेकिन कार्रवाई नहीं होने पर पीड़ित पक्ष ने न्यायालय की शरण ली। कोर्ट के निर्देश के बाद पुलिस ने FIR दर्ज की।
पुलिस के अनुसार मामले की जांच शुरू कर दी गई है और दस्तावेजों की सत्यता की जांच कराई जा रही है। साथ ही संपत्ति हस्तांतरण से जुड़े रिकॉर्ड भी खंगाले जा रहे हैं। अधिकारियों का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।






