43 साल बाद भारत लौटी रायपुर से चोरी हुई दुर्लभ मूर्ति, अमेरिका ने 657 प्राचीन धरोहर लौटाईं
रायपुर से चोरी हुई भगवान अवलोकितेश्वर की दुर्लभ कांस्य मूर्ति 43 साल बाद भारत वापस लौट आई है। यह मूर्ति उन 657 प्राचीन भारतीय धरोहरों में शामिल है, जिन्हें अमेरिका ने भारत को सौंपा है। इन सभी वस्तुओं की कुल कीमत लगभग 14 मिलियन डॉलर बताई जा रही है।
यह अवलोकितेश्वर की प्रतिमा छत्तीसगढ़ के सिरपुर क्षेत्र से जुड़ी मानी जाती है और इसे 1952 तक रायपुर स्थित महंत घासीदास संग्रहालय में रखा गया था। बाद में यह मूर्ति चोरी हो गई और 1982 तक तस्करी के जरिए अमेरिका पहुंचा दी गई।
जांच एजेंसियों के अनुसार, यह मूर्ति न्यूयॉर्क के एक निजी संग्रह में पहुंच गई थी, जहां से 2025 में इसे बरामद किया गया। इसके बाद कानूनी प्रक्रिया पूरी कर इसे भारत को वापस सौंप दिया गया।
अमेरिका के मैनहट्टन डिस्ट्रिक्ट अटॉर्नी कार्यालय ने बताया कि ये सभी प्राचीन वस्तुएं अंतरराष्ट्रीय तस्करी नेटवर्क की जांच के दौरान बरामद की गईं। इस कार्रवाई में भारतीय और अमेरिकी एजेंसियों के बीच सहयोग अहम रहा।
लौटाई गई वस्तुओं में अवलोकितेश्वर की मूर्ति के अलावा भगवान बुद्ध और नृत्य करते गणेश की प्रतिमाएं भी शामिल हैं। यह वापसी भारत की सांस्कृतिक विरासत को सुरक्षित करने की दिशा में एक बड़ी सफलता मानी जा रही है।






