फर्जी PA बनकर भाजपा विधायक से 10 हजार की ठगी, साइबर अपराधियों ने ऐसे दिया वारदात को अंजाम
रायपुर। छत्तीसगढ़ में साइबर ठगी का एक नया मामला सामने आया है, जहां भाजपा विधायक पुरंदर मिश्रा को ठगों ने अपना शिकार बना लिया। आरोपियों ने खुद को मंत्री नितिन नवीन का निजी सहायक (PA) बताकर विधायक से 10 हजार रुपये ट्रांसफर करा लिए।
जानकारी के मुताबिक, विधायक पुरंदर मिश्रा के पास एक कॉल आया, जिसमें कॉलर ने खुद को मंत्री नितिन नवीन का PA बताया। बातचीत के दौरान आरोपी ने तत्काल जरूरत बताकर रुपये भेजने की बात कही। भरोसे में आकर विधायक ने बताए गए खाते में 10 हजार रुपये ट्रांसफर कर दिए। बाद में जांच करने पर पता चला कि कॉल फर्जी था और उनके साथ साइबर ठगी हो चुकी है।
मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस और साइबर सेल सक्रिय हो गई है। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि लोगों को ऐसे फोन कॉल और ऑनलाइन ट्रांजेक्शन के दौरान सतर्क रहने की जरूरत है।






