जंगल में मिली युवती की लाश, शरीर पर चोट के निशान; हत्या की आशंका
रायगढ़ जिले के पूंजीपथरा थाना क्षेत्र में जंगल के भीतर एक युवती का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच में हत्या की आशंका जताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, तुमिडीह गांव के पास डैम किनारे जंगल में मंगलवार शाम करीब 25 वर्षीय अज्ञात युवती का शव संदिग्ध हालत में मिला। शव पर चोट और धारदार हथियार के निशान पाए गए हैं। पुलिस को घटनास्थल की स्थिति देखकर मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने इलाके को घेरकर जांच शुरू कर दी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और युवती की पहचान करने के प्रयास किए जा रहे हैं। आसपास के गांवों में पूछताछ भी की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल हर पहलू को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच जारी है।





