कांकेर-नारायणपुर सीमा पर IED विस्फोट: इंस्पेक्टर समेत 3 DRG जवान शहीद
छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में नक्सल प्रभावित क्षेत्र में शनिवार को बड़ा हादसा हो गया, जहां आईईडी विस्फोट में एक इंस्पेक्टर सहित तीन सुरक्षाकर्मी शहीद हो गए। यह घटना कांकेर-नारायणपुर सीमा पर सर्च और डी-माइनिंग ऑपरेशन के दौरान हुई।
पुलिस के अनुसार, जिला रिजर्व गार्ड (DRG) की टीम इलाके में सर्चिंग और आईईडी निष्क्रिय करने के अभियान पर निकली थी। इसी दौरान पहले से नक्सलियों द्वारा लगाए गए विस्फोटक को निष्क्रिय करते समय अचानक धमाका हो गया, जिससे चार जवान घायल हो गए।
घायलों में से इंस्पेक्टर सुखराम वट्टी, कांस्टेबल कृष्णा कोमरा और कांस्टेबल संजय गढ़पाले की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य जवान गंभीर रूप से घायल है और उसका इलाज जारी है।
बस्तर रेंज के पुलिस अधिकारियों ने इस घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताया है। उन्होंने कहा कि हाल के महीनों में सुरक्षा बलों ने बड़ी संख्या में नक्सलियों द्वारा लगाए गए आईईडी बरामद कर निष्क्रिय किए हैं, लेकिन ऑपरेशन के दौरान इस तरह के जोखिम बने रहते हैं।
घटना के बाद इलाके में सर्च ऑपरेशन तेज कर दिया गया है और नक्सलियों की तलाश जारी है।






