कांकेर-नारायणपुर बॉर्डर पर IED ब्लास्ट, DRG के जवान हताहत
छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में नक्सल प्रभावित क्षेत्र में शनिवार को बड़ा हादसा हुआ। कांकेर-नारायणपुर सीमा पर सर्च और डी-माइनिंग ऑपरेशन के दौरान IED (इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस) में विस्फोट हो गया, जिसमें DRG (डिस्ट्रिक्ट रिजर्व गार्ड) के जवान हताहत हो गए।
जानकारी के अनुसार, सुरक्षा बलों की टीम इलाके में नक्सलियों द्वारा लगाए गए विस्फोटकों को खोजने और निष्क्रिय करने के लिए अभियान चला रही थी। इसी दौरान एक IED को डिफ्यूज करने की कोशिश के समय अचानक विस्फोट हो गया।
इस हादसे में तीन जवान शहीद हो गए, जबकि एक अन्य जवान घायल हुआ है। घायल जवान को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है।
घटना कांकेर जिले के छोटे बेठिया थाना क्षेत्र के जंगलों में हुई, जो नारायणपुर जिले की सीमा से सटा हुआ है और नक्सल गतिविधियों के लिए संवेदनशील माना जाता है।
बताया जा रहा है कि नक्सलियों ने पहले से ही इलाके में IED प्लांट कर रखे थे, जिन्हें निष्क्रिय करने के दौरान यह हादसा हुआ। घटना के बाद पूरे इलाके में सर्च ऑपरेशन तेज कर दिया गया है और सुरक्षा बलों को अलर्ट पर रखा गया है।
यह घटना एक बार फिर से बस्तर क्षेत्र में नक्सली खतरे और सुरक्षा बलों के सामने मौजूद चुनौतियों को उजागर करती है।






