रायपुर | विशेष रिपोर्ट
छत्तीसगढ़ के वन विभाग के मुखिया वी. श्रीनिवास राव पर लगे भ्रष्टाचार और वित्तीय अनियमितताओं के आरोपों ने तूल पकड़ लिया है। मामले को गंभीरता से लेते हुए केंद्र सरकार ने राज्य सरकार से विस्तृत रिपोर्ट मांगी है।
मिली जानकारी के अनुसार, वन विभाग में कथित गड़बड़ियों और आर्थिक अनियमितताओं को लेकर शिकायतें केंद्र तक पहुंचीं थीं। इन शिकायतों के आधार पर केंद्र ने राज्य शासन से पूरे मामले की जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा है।
सूत्रों के मुताबिक, आरोपों में वित्तीय लेन-देन में पारदर्शिता की कमी और विभागीय कार्यों में अनियमितता जैसी बातें शामिल हैं। हालांकि, राज्य सरकार की ओर से अभी तक इस मामले में विस्तृत आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
इस घटनाक्रम के बाद वन विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं और आने वाले समय में जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।






