नारायणपुर के जंगल में सुरक्षा बलों की बड़ी कार्रवाई, माओवादियों का हथियारों का जखीरा बरामद
नारायणपुर। छत्तीसगढ़ के नारायणपुर जिले में सुरक्षा बलों को नक्सल विरोधी अभियान के दौरान बड़ी सफलता मिली है। सर्च ऑपरेशन के दौरान जवानों ने मसपुर-गुडरापाल के घने जंगल से माओवादियों द्वारा छिपाकर रखा गया भारी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद का जखीरा बरामद किया।
बरामद सामग्री में विभिन्न प्रकार के हथियार, बड़ी संख्या में कारतूस, विस्फोटक सामग्री और नक्सलियों के दैनिक उपयोग का सामान शामिल है। सुरक्षा एजेंसियों का मानना है कि यह जखीरा माओवादी संगठन की गतिविधियों के लिए इस्तेमाल किया जाना था।
यह कार्रवाई बीएसएफ की ‘ई’ कंपनी द्वारा विशेष सर्च अभियान के दौरान की गई। अधिकारियों के अनुसार, क्षेत्र में नक्सलियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे ठिकानों की तलाश के लिए सर्च ऑपरेशन तेज कर दिए गए हैं। इस बरामदगी को माओवादी नेटवर्क के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है।






