बलौदाबाजार में गड़े खजाने के नाम पर 21 लोगों की हत्या की साजिश, कब्र से निकाले गए शवों का पोस्टमार्टम
बलौदाबाजार। छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले के पुराना खरवे गांव में गड़े खजाने की तलाश के नाम पर 21 लोगों की कथित हत्या की साजिश का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मामले की जांच के तहत प्रशासन ने कब्र से छह ग्रामीणों के शव निकालकर उनका पोस्टमार्टम कराया है। अब फॉरेंसिक जांच रिपोर्ट के आधार पर मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाया जाएगा।
प्रशासन और पुलिस की संयुक्त जांच में तंत्र-मंत्र और नरबलि की आशंका को भी गंभीरता से लिया जा रहा है। मामले में कई लोगों से पूछताछ की जा रही है और जांच का दायरा लगातार बढ़ाया जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि फॉरेंसिक रिपोर्ट और अन्य वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।






