32 साल की उम्र में थम गई छत्तीसगढ़ी हिप-हॉप की आवाज, रैपर एपी राजा का निधन
छत्तीसगढ़ी हिप-हॉप को नई पहचान दिलाने वाले मशहूर रैपर एपी (एप्पी) राजा का 32 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। उनके निधन की खबर से संगीत प्रेमियों और प्रशंसकों में शोक की लहर है। बताया जा रहा है कि वह लंबे समय से बीमार थे और उनका इलाज रायपुर के एम्स अस्पताल में चल रहा था।
भानुप्रतापपुर के रहने वाले एपी राजा ने अपनी मातृभाषा छत्तीसगढ़ी में रैप संगीत की शुरुआत कर एक अलग पहचान बनाई। उन्होंने संघर्षों के बीच अपने दम पर छत्तीसगढ़ी हिप-हॉप को राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाया। उनके गीत युवाओं के बीच काफी लोकप्रिय रहे और सोशल मीडिया पर भी उन्हें बड़ी पहचान मिली।
एपी राजा को छत्तीसगढ़ी हिप-हॉप का अग्रदूत माना जाता था। उनके निधन से प्रदेश के संगीत जगत को बड़ी क्षति हुई है। उनके प्रशंसक और कलाकार सोशल मीडिया पर श्रद्धांजलि अर्पित कर उनके योगदान को याद कर रहे हैं।






