भारतमाला मुआवजा घोटाला: FIR की मांग को लेकर EOW पहुंचे 100 किसान, राजस्व अधिकारियों और भू-माफिया पर कार्रवाई की मांग
रायपुर। भारतमाला परियोजना के कथित भूमि मुआवजा घोटाले में धमतरी जिले के करीब 100 किसान मंगलवार को आर्थिक अपराध अन्वेषण शाखा (EOW) कार्यालय पहुंचे। किसानों ने राजस्व विभाग के अधिकारियों, भू-माफिया और अन्य आरोपितों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की मांग की।
किसानों का आरोप है कि भूमि अधिग्रहण के दौरान मिलीभगत कर जमीनों का फर्जी बंटवारा, रिकॉर्ड में हेरफेर और अन्य अनियमितताएं की गईं, जिससे करोड़ों रुपये के मुआवजे में घोटाला हुआ। उन्होंने कहा कि इस मामले में वास्तविक किसानों के अधिकार प्रभावित हुए हैं और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।
किसानों ने EOW को ज्ञापन सौंपकर मामले की निष्पक्ष जांच कराने, सभी जिम्मेदार अधिकारियों और भू-माफिया के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने तथा घोटाले से जुड़े लोगों पर कानूनी कार्रवाई की मांग की।






