समोदा अफीम कांड में बड़ी कार्रवाई, दुर्ग पुलिस ने 7.88 करोड़ रुपये की जब्त अफीम को किया नष्ट
दुर्ग रेंज पुलिस ने नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए चर्चित समोदा अफीम कांड में जब्त करीब 7 करोड़ 88 लाख रुपये मूल्य की अफीम को वैधानिक प्रक्रिया के तहत नष्ट कर दिया। पुलिस द्वारा जब्त मादक पदार्थों का नष्टीकरण भिलाई स्टील प्लांट परिसर में निर्धारित नियमों के अनुसार किया गया।
जानकारी के अनुसार, यह अफीम थाना पुलगांव क्षेत्र के समोदा गांव में अवैध रूप से की जा रही खेती से बरामद की गई थी। मामले में पुलिस ने पहले बड़ी मात्रा में अफीम जब्त कर आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की थी।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जब्त मादक पदार्थों के सुरक्षित नष्टीकरण की प्रक्रिया सक्षम प्राधिकारी की निगरानी में पूरी की गई। अधिकारियों का कहना है कि नशे के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी।






